इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 26 अक्टूबर को खेला गया। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने गजब शतक ठोका।

छक्के के साथ शतक किया पूरा
इंग्लैंड के युवा कप्तान हैरी ब्रूक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ छक्का लगाते हुए अपना शतक पूरा किया। उन्होंने सिर्फ 82 बॉल में अपनी सेंचुरी पूरी की। उनके वनडे करियर का यह दूसरा शतक था। ब्रूक की वजह से ही इंग्लैंड एक सम्मानजनक टोटल तक पहुंच पाया। नहीं तो कीवी टीम ने पूरी तरह से दबदबा बनाया हुआ था। ब्रूक 135 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 11 छक्के लगाए। हैरी का स्ट्राइक रेट 133.66 का रहा। बता दें कि हैरी ब्रूक इस वक्त वाइट बॉल क्रिकेट में इंग्लैंड के कप्तान हैं। ब्रूक ने इंग्लैंड के लिए अब तक 30 टेस्ट, 32 वनडे (न्यूजीलैंड के खिलाफ इस वनडे से पहले) और 52 टी20 मुकाबले खेले हैं।
न्यूजीलैंड को 224 रन का टारगेट
इंग्लैंड पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई और 35.2 ओवर में 223 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। हैरी ब्रूक के शतक के अलावा जेमी ओवर्टन ने लोवर मिडल ऑर्डर में 54 बॉल में 46 रन बनाए। ओवर्टन ने 6 चौके और 1 छक्का अपनी पारी में लगाया। आखिरी विकेट के लिए हैरी ब्रूक और लूक वुड के बीच 57 रन की साझेदारी हुई।न्यूजीलैंड के जकारी फॉक्स ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। 3 विकेट जैकब डूफी को भी मिले जबकि 2 विकेट मैट हेनरी ने लिए। वहीं 1 विकेट मिचेल सैंटनर ने भी अपने नाम किया।




