Gold and Bitcoin Fall: आपके पोर्टफोलियो में शामिल सोने और बिटकॉइन की कीमत अगर 20 फीसदी गिर जाए तो आप क्या करेंगे? इस बारे में एक्सपर्ट ने अपनी राय बताई है।

अक्षत श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निवेशकों से पूछा है कि अगर सोना, बिटकॉइन और एनवीडिया के शेयर में 20 फीसदी तक की गिरावट आ जाए तो वे क्या करेंगे? क्या निवेशक इस गिरावट से घबरा जाएंगे? अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा है कि कोई भी चीज खरीदने से पहले अपने विश्वास को परखना चाहिए। उनकी पोस्ट पर यूजर्स की जबरदस्त प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
Baba Vanga Gold Prediction: बाबा वेंगा की भविष्यवाणी… सोने की कीमत में आने वाला है बड़ा उछाल! रेट जानकर चौंक जाएंगे
क्या लिखा है पोस्ट में?
अक्षत श्रीवास्तव ने अपनी पोस्ट में यूजर्स से तीन सवाल पूछे हैं। ये इस प्रकार हैं:
- अगर सोना 20% तक गिर जाए तो क्या आप घबरा जाएंगे?
- अगर बिटकॉइन 20% तक गिर जाए तो क्या आप घबरा जाएंगे?
- अगर एनवीडिया के शेयर 20% तक गिर जाएं तो क्या आप घबरा जाएंगे?
इन सवालों के साथ उन्होंने लोगों को कुछ सलाह भी दी है। श्रीवास्तव कहते हैं कि कुछ भी खरीदने से पहले खुद से पूछने वाली असली परीक्षा यह है- अगर कीमत 20% गिर जाए तो आप क्या करेंगे? उन्होंने आगे कहा, ‘अगर आपका जवाब है कि आप घबराएंगे नहीं, बल्कि और खरीदना चाहेंगे तो यह एक अच्छी चीज है जिसे आपको रखना चाहिए।’
गिरावट में खरीदने की सलाह
सोना, शेयर, क्रिप्टोकरेंसी आदि में गिरावट पर खरीदने की सलाह सिर्फ अक्षत श्रीवास्तव ही नहीं, बल्कि दुनिया के दिग्गज निवेशकों में शामिल वॉरेन बफे भी देते हैं। उनकी यह पंचलाइन काफी फेमस है- जब दूसरे लालची हों तो डरें और जब दूसरे डरें तो लालची बनें। यानी जब गिरावट में लोग शेयर आदि बेचें तब अच्छे निवेशकों को ऐसे समय में इन्हें खरीदना चाहिए।
अपनी पोस्ट में अक्षत श्रीवास्तव का संदेश साफ है कि लॉन्ग टर्म में निवेश करते समय विश्वास और भावनाओं पर काबू रखना चाहिए। यह बात ऐसे समय में और भी जरूरी हो जाती है जब बाजारों में उथल-पुथल मची हो। यह नियम आपको यह समझने में मदद करता है कि आप किसी निवेश के लिए कितने तैयार हैं। अगर बाजार में थोड़ी गिरावट से ही आप डर जाते हैं, तो शायद वह निवेश आपके लिए सही नहीं है। लेकिन अगर आप गिरावट में भी खरीदने का मौका देखते हैं, तो यह दिखाता है कि आपका विश्वास पक्का है।
सोने और बिटकॉइन में कितनी गिरावट?
धनतेरस पर सोने की कीमत 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी। लेकिन अब यह गिरकर करीब 1.21 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है। यानी 9 दिनों में सोने में 14 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है।
वहीं पिछले एक महीने में बिटकॉइन में भी गिरावट देखी गई है। 7 अक्टूबर को बिटकॉइन ने ऑल टाइम हाई बनाया था। उस समय एक बिटकॉइन की कीमत करीब 1.26 लाख डॉलर हो गई थी। वहीं आज सोमवार को दोपहर 12 बजे यह करीब 1.15 लाख डॉलर पर कारोबार कर रही थी। ऐसे में इसमें 8 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। हालांकि एनवीडिया के शेयर में तेजी बनी हुई है। एक महीने में यह शेयर 2 फीसदी से ज्यादा उछल गया है। वहीं 6 महीने में 70 फीसदी से ज्यादा तेजी आई है।




