‘कोई पाप नहीं किया…’, नार्को टेस्ट की मांग पर गुस्साया सोनम का भाई, बोला- शक है तो हर जांच से गुजरने तैयार हूं – Sonam Raghuvashi brother Govind says he has not committed any sin but he is ready to undergo narco test lcln

0
23
Advertisement


राजा रघुवंशी हत्याकांड में मृतक के परिवार की नार्को टेस्ट की मांग पर मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. राजा के परिवार ने हत्या की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए सोनम के माता-पिता, भाई गोविंद और भाभी सहित सभी सदस्यों का नार्को टेस्ट कराने की मांग की थी. इस पर गोविंद ने कहा कि हमने कोई पाप नहीं किया है. अगर किसी को हम पर संदेह है, तो हम हर तरह की जांच से गुजरने के लिए तैयार हैं. 

दरअसल, राजा के परिवार का संदेह है कि सोनम की फैक्ट्री का नौकर राज कुशवाह अकेला इस सनसनीखेज हत्याकांड का मास्टरमाइंड नहीं हो सकता. उधर, मेघालय पुलिस महानिदेशक (DGP) इदाशीशा नोंगरांग ने यह बयान देकर राजा रघुवंशी के परिवार के उस संदेह और गहरा कर दिया है कि राजा रघुवंशी की हत्या को प्रेम त्रिकोण (लव ट्रायंगल) तक सीमित नहीं मान रहे हैं, पुलिस तमाम अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है. यह सामान्य बात नहीं है कि शादी के कुछ दिनों के भीतर ही वह (सोनम) अपने पति के प्रति इतनी दुश्मनी पाल बैठी. हम इस हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं. हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है. हमारे पास एक ठोस मामला है.”

इंदौर पहुंची मेघालय पुलिस

मेघालय पुलिस ने इंदौर के सहकार नगर में राजा रघुवंशी के घर का दौरा किया और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए. राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने बताया, ”मेघालय पुलिस की तीन सदस्यीय टीम करीब आधे घंटे तक हमारे घर पर रही. उन्होंने हमसे सोनम के व्यवहार के बारे में सवाल पूछे. हमसे यह भी पूछा गया कि शादी के बाद सोनम कितने दिन हमारे घर पर रही?”

क्या है पूरा मामला?

मेघालय पुलिस ने राजा की पत्नी सोनम (25), उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह (20) और कुशवाह के तीन दोस्तों विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को हनीमून ट्रिप के दौरान राजा की हत्या में संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया है. 

पत्नी सोनम सहित हनीमून मनाने गया राजा 23 मई को लापता हो गया था और उनका क्षत-विक्षत शव 2 जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) में वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में मिला था. सोनम ने 9 जून की देर रात उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने सरेंडर किया, जबकि राज कुशवाह और अन्य तीन आरोपियों को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया.

राजा रघुवंशी का परिवार इंदौर में ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ा है. राजा ने 11 मई को सोनम से शादी की थी और दोनों 20 मई को हनीमून के लिए असम और मेघालय रवाना हुए थे. मेघालय पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) इस हत्याकांड की गहन जांच कर रही है. 

गोविंद की इस प्रतिक्रिया और परिवार के संदेह ने इस मामले को और पेचीदा कर दिया है. पुलिस अब सोनम और अन्य आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ नए सबूतों की तलाश में जुटी है ताकि इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आ सके. 



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

5 × three =