हांगकांग एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान ने संतुलन खो दिया और यह रनवे से फिसलकर समुद्र में जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। हादसा सुबह लगभग 4 बजे के करीब हुआ।

गश्ती कार से टकराया प्लेन
हांगकांग हवाई अड्डा प्राधिकरण ने बताया कि विमान लैंडिंग के दौरान उत्तरी रनवे से आगे निकल गया और हवाई अड्डे के किनारे पानी में इसका कुछ हिस्सा डूब गया। हांगकांग एयरपोर्ट ऑपरेशन के कार्यकारी निदेशक स्टीवन यिउ ने कहा, दुर्भाग्य से उस समय वहां हवाई अड्डे की सुरक्षा गश्ती कार मौजूद थी। विमान गश्ती कार से टकरा गया और कार को धकेलेते हुए समुद्र में जा गिरा।’
हादसे के बाद टूट गया विमान
विमान का एक वीडियो सामने आया जिसमें आंशिक रूप से पानी में डूबा दिखाई दे रहा है। उसका पिछला हिस्सा टूटा हुआ है और काकपिट के नीचे विमान के अगले हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा है। विमान में सवार चार चालक दल के सदस्यों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भेजा गया। घटना के बाद हांगकांग एयरपोर्ट के उत्तरी रनवे को बंद कर दिया गया।
स्थानीय मीडिया ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें 200 से अधिक लोग, अग्निशमन गाड़ियां और नावें शामिल थीं। चार चालक दल के सदस्यों और एक ग्राउंड स्टाफ सदस्य को बचा लिया गया, जबकि दुर्घटना के बाद तड़के एक अन्य व्यक्ति का पता नहीं चल पाया।
विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने पुलिस के हवाले से बताया है कि हादसे के दौरान जमीन पर खड़े वाहन में सवार दो लोगों की मौत हुई है। संयुक्त अरब अमीरात की एमिरेट्स एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा कि चालक दल सुरक्षित है और विमान में कोई कार्गो नहीं था। इस विमान का नंबर एमिरेट्स का था, लेकिन एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि विमान को तुर्की की ACT एयरलाइंस से लीज पर लिया गया था। एसीटी एयरलाइंस प्रमुख एयरलाइनों को अतिरिक्त कार्गो क्षमता प्रदान करती है।

