म्यांमार में भूकंप से भारी तबाही
2016 में आए भूकंप की वजह से मांडले में स्थिति महामुनि पगोड़ा तबाह हो गया था। जिसके बाद भारत सरकार ने इसका मरम्मत करवाने का बीड़ा उठाया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने म्यांमार के प्राचीन शहर बागान में 12 पगोड़ा का जीर्णोद्धार करवाया, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर शहर भी है। आपको बता दें कि म्यांमार में कई विश्व प्रसिद्ध पगोड़े हैं। जिनमें से एक श्वेज़िगोन पगोड़ा भी है। इसे म्यांमार का सबसे प्रसिद्ध पगोड़ा माना जाता है। ये बाकान शहर में स्थित है और इस पगोड़े को शहर का हृदय कहा जाता है। यह मंदिर बेहिसाब सुंदर है और साल भर यहां भक्तों का तांता लगा रहता है। इस स्थान का निर्माण राजा अनवराथा के आदेश पर किया गया था। इसके अलावा भी म्यांमार में धम्मयांगयी पगोड़ा, श्वेडागोन पगोड़ा, सुले पगोड़ा, कुथोदाव पगोड़ा हैं, जो काफी प्रसिद्ध हैं।

म्यांमार में तबाह पगौड़ा
लेकिन मांडले पगोड़ा को भूकंप ने तहस नहस कर दिया है। इसके अलावा म्यांमार की स्थानीय मीडिया ने बताया है कि मांडले शहर में ही भूकंप की वजह से एक मस्जिद ढह गई, जिसमें कम से कम 20 लोगों के मारे जाने की रिपोर्ट है। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। समाचार एजेंसी एएफपी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि म्यांमार की राजधानी नेपीडॉ में भूकंप की वजह से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। म्यांमार अग्निशमन सेवा विभाग के एक अधिकारी ने रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया है कि “हमने तलाशी शुरू कर दी है और यांगून में हताहतों और नुकसान की जांच के लिए घूम रहे हैं। अभी तक हमें कोई जानकारी नहीं मिली है।”
आपको बता दें कि म्यांमार में पहले भूकंप के कुछ ही मिनट बाद दूसरा बड़ा भूकंप भी आया है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के मुताबिक म्यांमार में पहले भूकंप के ठीक 12 मिनट बाद दूसरा भूकंप आया। रिपोर्ट के मुताबिक दूसरा भूकंप की तीव्रता 6.4 की थी जो पहले आए 7.7 तीव्रता वाले भूकंप से कम था। शक्तिशाली भूकंप के बाद म्यांमार के छह क्षेत्रों में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2021 में तख्तापलट के बाद से म्यांमार पर शासन करने वाली सेना ने सागाइंग, मांडले, मैगवे, बागो, ईस्टर शान राज्य और नेपीडॉ के क्षेत्रों में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी है। सेना ने कहा है कि अधिकारी प्रभावित क्षेत्र की जांच करेगा और राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाएंगे।



