इधर मौसम विभाग ने अनुमान लगाते हुए बताया है कि आने वाली 24 मई तक राज्य में हल्की-फुल्की बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी की गति से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

झारखंड में मौसम हर रोज दिन में पलटी मारता है और तापमान में करीब पांच से छह डिग्री की कमी ले आता है। इधर मौसम विभाग ने अनुमान लगाते हुए बताया है कि आने वाली 24 मई तक राज्य में हल्की-फुल्की बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी की गति से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले दो दिनों से राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश होने से तापमान में पांच-छह डिग्री की गिरावट हुई है। हालांकि राज्य के पलामू इलाके में अभी प्रचंड गर्मी है। इस इलाके में तापमान 42 डिग्री के पार है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में गर्मी में कमी है। इन इलाकों में तापमान 34-35 डिग्री के आसपास है।
मौसम विभाग ने आज राज्य के विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा विभाग ने 23 और 24 मई को भी राज्य के कई स्थानों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। वहीं सोमवार को रांची में मौसम साफ रहा। बीच-बीच में बादल छाए रहे और मध्यम दर्जे की हवाएं चली।
रांची में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री, जमशेदपुर में 34.5, डाल्टेनगंज में 42.2 बोकारो में 34.5 और चाईबासा में तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते दिनों रांची में खराब मौसम के चलते विमान और रेल सेवाएं भी प्रभावित रहीं। इलाके में कई घंटे तक बिजली भी गुल रही।
मौसम विभाग ने पहले से ही 20 मई तक राज्यभर में आंधी-बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। 23 और 24 मई तक बारिश अधिक होने के कारण तेज हवाओं और आंधी की आंशका कम ही रहने वाली है, लेकिन किसी भी मौसमी बदलाव से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए मौसम विभाग समय-समय पर येलो, ऑरेंज जैसे अलर्ट जारी करता रहता है।
