गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला से दुष्कर्म कर धर्म परिवर्तन का दबाव डालने वाले आरोपी यूट्यूबर मनी मेराज को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला से दुष्कर्म कर धर्म परिवर्तन का दबाव डालने वाले आरोपी यूट्यूबर मनी मेराज को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी को पुलिस ने पटना के अनीसाबाद में उसके दोस्त के फ्लैट से चार अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे गाजियाबाद तक लाने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
यूट्यूबर मनी मिराज के खिलाफ सहकर्मी युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। युवती की ओर से दर्ज करवाए गए मुकदमे में बताया गया था कि लगभग दो साल पहले दिल्ली में आरोपी ने उनसे अपना नाम और पहचान छुपाते हुए मुलाकात की थी। इसके बाद आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित होटल में दुष्कर्म किया था। दबाव बनाने पर शादी तो की लेकिन बाद में धर्म परिवर्तन करने और गोमांस खाने का दबाव भी बनाया।
आरोपी पर पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाने का आरोप भी सहकर्मी ने लगाया था। पुलिस ने 22 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मनी मेराज के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए खोड़ा थाने के विवेचक दरोगा सुभाष अपने तीन अन्य साथियों के साथ अनीसाबाद स्थित एक फ्लैट पर पहुंचे थे। मनी मेराज को गिरफ्तार कर उसे स्थानीय थाने पर ले जाया गया। तब थाने के बाहर उसके सैकड़ों फैन जमा हो गए थे। थाना फोर्स की मदद से खोड़ा पुलिस आरोपी को भीड़ से बचाकर कोर्ट ले गई और ट्रांजिट रिमांड मिलते ही पांच अक्टूबर को गाजियाबाद के लिए रवाना हुई। मनी मेराज को सोमवार को गाजियाबाद अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर मनी मेराज को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जल्द ही आरोपी से मामले को लेकर पूछताछ की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।
