Delhi Mausam: दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में आने वाले दिनों में गर्मी के तीखे तेवर नजर आएंगे। दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है।
Delhi Weather Forecast: दिल्ली में अब गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाएगी। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में आने वाले दिनों में जोरदार गर्मी पड़ने के संकेत हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण 4 मार्च को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट से लेकर काफी व्यापक बारिश या बर्फबारी देखी जाएगी। वहीं 3 मार्च को उत्तर पश्चिमी भारत के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं।
उक्त पश्चिमी विक्षोभ से राजधानी दिल्ली में सोमवार को मौसम खुशनुमा रहने की संभावना है। सुबह हल्की धुंध छाने के आसार हैं, जबकि दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि बारिश का अनुमान नहीं है। रविवार को राजधानी में मौसम साफ रहा। सुबह और शाम हल्की धुंध दिखाई दी लेकिन मौसम में किसी तरह का बड़ा बदलाव नहीं देखा गया।
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियसय दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.8 डिग्री अधिक था। राजधानी में बीते 24 घंटों में आर्द्रता का अधिकतम स्तर 94 फीसदी और न्यूनतम स्तर 28 फीसदी दर्ज किया गया। इस बीच कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
सोमवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा लेकिन तेज हवा चल सकती है। हवा की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा देखी जा सकती है। हालांकि दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में बारिश नहीं होगी।
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली एनसीआर में 4 और 5 मार्च को 20 से 30 की स्पीड से हवांए चलेंगी। इस पूरे हफ्ते दिल्ली में सुबह के वक्त धुंध देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 3 मार्च को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान जताया है।
चार मार्च को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। मौसम विभाग की मानें तो 5 से 7 मार्च के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।कुल मिलाकर दिल्ली इस हफ्ते बारिश नहीं होगी।
मौसम विभाग का कहना है कि एक ताजे पश्चिमी विक्षोभ के कारण 4 मार्च को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं 3 मार्च को उत्तर पश्चिमी भारत को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 3 और 4 तारीख को जम्म-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 3 और 4 तारीख को पंजाब में ओले गिर सकते हैं।



